बिनौली (बागपत)।
बरनावा के लाक्षागृह स्थित श्री महानंद संस्कृत गुरुकुल विद्यालय में बुधवार को सम्मान समारोह हुआ। इसमें सिविल सेवा परीक्षा में चयनित हुई आंचल दलाल एवं उनके बड़े भाई महाराष्ट्र में तैनात आईएएस शेखर को सम्मानित किया।
समारोह का शुभारंभ वेद मंत्रोच्चारण के साथ योगाचार्य अरविंद शास्त्री के ब्रह्मत्व में स्वस्ति यज्ञ के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि माँ अंबा बालिका डिग्री कॉलेज ग्वाली खेड़ा के संस्थापक ब्रजपाल सिंह शास्त्री ने सिविल सेवा परीक्षा में 136 वी रैंक प्राप्त करने वाली आंचल दलाल और उनके बड़े भाई आईएएस और वर्तमान में महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित जनपद गढ़चिरौली में डीएम पद पर तैनात शेखर सिंह को स्मृति चिह्न और शाल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में आंचल दलाल ने कहा कि यज्ञ से ही उन्हें प्रेरणा मिली है। वे अपने माता पिता के साथ लगातार यहां यज्ञ में भाग लेती रही है, यज्ञ से ही उन्हें सफलता और शांति मिलती है। समारोह में उनके पिता बीएसएनएल के पूर्व महाप्रबंधक चंद्रहास और माता अनीता देवी को भी सम्मानित किया। संचालन अंकुर भारद्वाज ने किया। इसकी अध्यक्षता आचार्य विनोद शास्त्री ने किया। इसमें आचार्य गुरुवचन शास्त्री, सतीश चेयरमैन करनावल, डॉ. अनिल कुमार, अरुण त्रिपाल धामा, डॉ. निमेष शर्मा, हरपाल आर्य, प्रमोद गुप्ता, चौधरी कृषि पाल सिंह, विपिन राणा, संजीव मुलसम, देवेंद्र शास्त्री, सुशील चौहान, राजीव धामा आदि रहे।