बड़ौत (बागपत)।
अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही अवैध वसूली की शिकायत के बाद पावर कारपोरेशन के द्वारा आयोजित जनसभा के पहले ही दिन कई दलालों और कर्मचारियों के खिलाफ उपभोक्ताओं ने अवैध वसूली का आरोप लगाकर अफसरों को शपथ पत्र सौंपे हैं। उपभोक्ताओं से मिले शपथ पत्र में लगाएं आरोपों को गंभीरता से लेकर एसई ने अफसरों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से अमर उजाला लगातार उपभोक्ताओं से कर्मचारियों और दलालों द्वारा की जा रही अवैध वसूली की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। इससे कर्मचारियों और दलालों में हड़कंप मचा है। अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेकर अधीक्षण अभियंता एसई रामबीर सिंह ने जनपद के समस्त अधिशासी अभियंता, एसडीओ और अवर अभियंताओं को खुली जनसभा कर उपभोक्ताओं की शिकायत सुनने के निर्देश । एसई ने उपभोक्ताओं से अपील भी की थी कि यदि कोई कर्मचारी और दलाल उनसे विद्युत कनेक्शन दिलाने, त्रुटि पूर्ण बिल ठीक कराने, विद्युत कार्यालय में बिल जमा कराने, लोड बढ़ाने और घटाने सहित मीटर को नो डिस्पल और रीडिंग कम कराने के नाम पर अवैध वसूली कर रहा है तो खुली जनसभा मेें उक्त कर्मचारी और दलाल के खिलाफ ओडियो, वीडियो और शपथ पत्र के साक्ष्य के रूप मेें शिकायत करें। सोमवार को पहले दिन जैसे ही मुख्य शिकायत केंद्र में खुली जनसभा का आयोजन किया, वैसे ही कई उपभोक्ताओं ने मुख्य शिकायत केंद्र में कई साल से तैनात संविदा कर्मचारी और कुछ दलालों के खिलाफ विभागीय अफसरों को शपथ पत्र सौंपकर कार्रवाई करने की मांग उठाई और एसई के व्हाटस एप नंबर पर शपथ पत्र भेजे। एसई रामबीर सिंह ने मिले शपथ पत्र के आधार पर प्रकरण की जांच कर उक्त कर्मचारियों और दलालों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। एसई रामबीर सिंह ने बताया कि मुख्य शिकायत केंद्र पर कई साल से जमे संविदा कर्मचारी सोमपाल के खिलाफ उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए शपथ पत्र सौंपे हैं। एसडीओ चैन सिंह और एसडीओ इंद्रपाल को सोमपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है। उधर, अमर उजाला और पावर कारपोरेशन की पहल की उपभोक्ताओं ने सराहना की।