बागपत। विद्युत निगम का खेल सामने आया है। बगैर आवेदन किए ही एक युवक के नाम कनेक्शन दर्शा दिया और उनके घर पर साढ़े सात हजार रुपये का बकाया बिल भेज दिया। पता चलने पर पीड़ित ने निगम के अफसरों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दाखिल की।
अधिवक्ता पवन तिवारी के मुताबिक बड़ौत क्षेत्र के बाम गांव के अश्वनी कुमार ने बताया कि उसने विद्युत निगम में विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं किया । इसके बाद भी उनके नाम वर्ष 2016 में विद्युत कनेक्शन दर्शा दिया और उनके घर पर साढ़े सात हजार रुपये बिल भेज दिया। शिकायत करने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं की। आईटीआई के तहत इस संबंध में जानकारी मांगी तो इससे इसका पता चला। इस मामले में अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई है। उधर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता योगेश कुमार का कहना है कि मामले उनके संज्ञान में नहीं है।