झूंडपुर में हिंडन नदी पर बनाया जाए पुल
दोघट। झूंडपुर गांव के किसान हिंडन नदी पर पुल बनाए जाने की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह से मिले। ग्राम प्रधान संजीव देशवाल के नेतृत्व में झूंडपुर के किसान रमाला चीनी मिल में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह से मिले। किसानों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को बताया कि झूंडपुर गांव के सैंकड़ों किसानों की हजारों बीघा कृषि भूमि हिंडन नदी के दूसरी तरफ है। किसानों को जान जोखिम में डालकर नदी के पार अपने खेतों में जाना पड़ता है। कई बार यहां हादसे हो चुके हैं। किसान हिंडन नदी पर पुल बनाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। लेकिन आज तक इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया। हरपाल सिंह, चरण सिंह, मोहर सिंह, कृपाल, अजब सिंह, ओमपाल, अरविंद, यशपाल, मांगे राम, राजपाल, रण कुमार, हरिचंद, अंग्रेज सिंह उपस्थित रहे।
पढ़ाई का खर्च उठाने का दिया भरोसा
रमाला। बामनौली गांव में चकबंदी प्रक्रिया से आहत होकर आत्महत्या करने वाले किसान के परिवार से केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ सत्यपाल सिंह की पत्नी अलका तोमर ने मुलाकात की। उन्होंने मदद का पूरा भरोसा दिलाया। यह भी कहा कि चारों बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी अब उनकी है। बच्चों की पढ़ाई का खर्च वह खुद उठाएंगी। डॉ. सुखवीर सिंह, पूर्व प्रधान महिपाल सिंह, दीपक चौधरी, अंकित तोमर, सोनू माया, खिलारी सिंह आदि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी छात्राएं
रमाला। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज दोघट की छात्राएं रमाला चीनी मिल में शनिवार को होने वाले सीएम के कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि छात्रा काजल शर्मा, उर्वशी, सीमा पंवार, नीतू, राधा, ज्योति सैनी, अंजली, दीपांशी पंवार, पूजा शर्मा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।