खेकड़ा (बागपत)।
उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर बागपत स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मी भी हड़ताल पर हैं। सोमवार को सीएचसी में आशाओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि एनएचएम संघ की सभी मांगों का वह समर्थन करती हैं। वह भी दिन रात विभाग की सेवा करती है, लेकिन उन्हें बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है। उनको राज्य कर्मचारी घोषित कर वेतन वृद्धि की जाए। संघ की ब्लाक पदाधिकारी बीसीपीएम शशि चौधरी ने बताया कि संविदा कर्मचारी समान कार्य के साथ समान वेतन, मानव संसाधन नीति, आउट सोर्सिंग को समाप्त करने, सृजित पदों के सापेक्ष कार्यरत संविदा कर्मचारियों को समायोजन, वेतन विसंगति, मृतक आश्रित परिवार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी और आशा का वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हड़ताल से इमरजेंसी सेवाओं को मुक्त रखा है। मांग पूरी न होने तक पूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान डॉ. गौरव वर्मा, पंकज जोशी, आशा सरिता, ममता, मीना, रेखा, सुमन, मंजू, बबली, सुनीता, अनिता, रोशनी, बिमलेश, शारदा, राजबाला आदि एनएचएम कर्मी मौजूद रहे।