बड़ौत (बागपत)।
विभिन्न समस्याओं को लेकर हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने कोतवाली और ढ़िकाना के ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष नितिन के नेतृत्व में कोतवाली में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा तीन दिन से नवरात्र का त्योहार चल रहा है, जो हिंदुओं का पवित्र त्योहार है। नगर में जगह-जगह मीट की दुकानें खुली है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बाद में एसडीएम को ज्ञापन देकर इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। इसमें डॉ. उपेश कुमार, रूपक तोमर, अमित कुमार, विवेक तोमर, विजयपाल शर्मा आदि रहे।
ढ़िकाना गांव के ग्रामीण काफी संख्या में तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि गांव में जौहड़ पर विपक्षी लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और जगह-जगह पानी भरा हुआ है। उन दबंग लोगों ने छह शौचालयों को भी तोड़ दिया है। जिससे गांव के लोग परेशान है और गांव में गंदा पानी निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सोहन पाल, रामपाल, जितेंद्र, महावीर, राम कुमार, राजीव, सहेंद्र पाल, पवन, सोहनवीर, गजब सिंह, ईश्वर, जसवीर आदि शामिल रह े।