बिनौली (बागपत)। जिवाना गुलियान गांव में शनिवार को किसानों की पंचायत हुई, इसमें बेसहारा गोवंश से जल्द निजात दिलाने की जिला प्रशासन व शासन से मांग की।
पंचायत में हरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि बेसहारा गोवंश रोज किसानों की सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद कर रहे हैं, इससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हो रही है। इस जटिल समस्या के बाबत लगातार जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन समस्या जस की तस बनी है। कपिल सोलंकी ने कहा कि निजी मिलों द्वारा सामान्य प्रजाति का गन्ना नहीं लिया जा रहा है और गन्ना पर्यवेक्षक भी किसानों को नहीं मिल रहा है। पंचायत में जिला प्रशासन से मांग की कि पिचौकरा गांव में चारागाह के लिए सुरक्षित छोड़ी गई 20 बीघा जमीन की चारदीवारी कर बेसहारा गोवंशों का आश्रय स्थल बनवाया जाए, इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल जल्द डीएम से भी मिलेगा। पंचायत की अध्यक्षता जयपाल सिंह ने की। संचालन विश्वपाल सोलंकी ने किया। इसमें हरेंद्र सोलंकी, पद्म सिंह, रामपाल सिंह, विजयपाल, हरवीर सिंह, विक्रम सिंह, प्रमोद, राजेंद्र, सूरज सोलंकी, रामकर्ण आदि रहे।