बागपत। केरल में आई आपदा से घिरे लोगों की मदद के लिए लोग खड़े हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने भी सभी विभागों के अधिकारियों से सहयोग का आह्वान किया। स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्र कर मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी जाएगी।
एडीएम अनिल कुमार ने सचिव एवं राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश से विभागीय अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि केरल में विनाशकारी बाढ़ से पीड़ितों की मदद के लिए धनराशि के माध्यम से स्वैच्छिक आर्थिक सहायता दी जानी है। सहायता के लिए लिए चेक अथवा ड्राफ्ट मुख्यमंत्री राहत कोष के नाम बनवाकर कार्यालय को उपलब्ध करा सकते हैं। इकट्ठा धनराशि को पत्र में दिए गए बैंक का खाता संख्या में आरटीजीएस माध्यम से सीधे जमा भी कर सकते हैं। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया 31 अगस्त तक की गई मदद की सूचना उनके कार्यालय में जरूर दे दी जाए।
उन्होंने एसपी, वन अधिकारी, सीडीओ, एसडीएम, तहसीलदार, सीएमओ, सीवीओ, डीएसओ, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, डीआईओएस, बीएसए, विद्युत निगम, उप निदेशक कृषि, परियोजना अधिकारी डूडा, डीपीओ, ईओ नगर पालिका और नगर पंचायत, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर, जल निगम, एआरटीओ, डीसीओ, एएमए जिला पंचायत, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक महानिरीक्षक निबंधक, जिला आबकारी अधिकारी से केरल के बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक सहायता कराने अपील की है।