दोघट (बागपत)। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज दोघट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि जब आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
घटनाक्रम के अनुसार कॉलेज में तीन दिन पूर्व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कवल जीत के साथ एक शिक्षक ने मारपीट की थी। इस संबंध में उसने प्रबंधक समिति, प्रधानाचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षण एवं थाने में शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को नाराज कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कालेज में ही कर्मचारियों ने धरना दिया। उनका कहना था कि जब तक आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। इस मौके पर कवल जीत, जयवीर पंवार, इंद्रपाल सिंह, प्रहलाद सिंह, देवेंद्र पाल सिंह आदि रहे।