दोघट (बागपत)।
33 हजारी विद्युत लाइन में फाल्ट होने से तीन विद्युत उप केंद्रों से जुड़े 10 गांवों में दो दिन से विद्युत सप्लाई ठप है। बिजली न आने से हजारों ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने कहा यदि शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
कान्हड़ बिजलीघर से दोघट, गांगनौली व कंडेरा विद्युत उप केंद्र जुड़े हैं। दो दिन पहले इन उप केंद्रों पर जाने वाली 33 हजारी विद्युत लाइन में फाल्ट हो गया। इस कारण चौगामा क्षेत्र के भगवानपुर, मौजिजाबाद नांगल, इदरीशपुर, हिम्मतपुर, सूजती, गांगनौली, कंडेरा, जिवाना, जिवानी आदि गांवों में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। बिजली न आने से ग्रामीणों में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गर्मी में ग्रामीण जाग कर रात बीता रहे हैं। क्षेत्रवासी दिनेश, मनोज, सुरेश, विजय, गुड्डू, सचिन, कुलवीर, महीपाल, बिजेंद्र आदि ने बताया कि दो दिन से क्षेत्र में बिजली नहीं है। इस कारण हजारों परिवारों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र फाल्ट ठीक कराकर विद्युत सप्लाई सुचारु नहीं कराई तो धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। दोघट बिजली घर के जेई राजेश कुमार ने बताया कि 33 हजारी विद्युत लाइन में फाल्ट है। लाइन मैन फाल्ट ठीक करने में लगे हैं। जल्दी ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।