बिनौली (बागपत)। मंडलायुक्त मेरठ मंडल डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि हिंडन और कृष्णा नदी को प्रदूषण मुक्त कराने में जन सहभागिता जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना प्राथमिकता है।
मंडलायुक्त सोमवार को निर्मल हिंडन अभियान के तहत इफको के सहयोग से दादरी गांव में आयोजित हेल्थ कैंप में ग्रामीणों के साथ चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंडन और कृष्णा नदी में प्रदूषण बढ़ने से आसपास बसे गांवों में भूमिगत जल प्रदूषित होने से बीमारियां पनप रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नदियों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए समय-समय पर इनमें गंगा का पानी छोड़े जाने की योजना है। साथ ही नदी के दोनों किनारों पर पेड़ भी लगवाए जाएंगे। उन्होंने निर्मल हिंडन अभियान से ग्रामीणों को जुड़ने का आह्वान किया और वन क्षेत्र के पास कृष्णा नदी का दौरा कर जल प्रदूषण की स्थिति देखी।
इस अवसर पर इफ्को के सहयोग से आयोजित हेल्थ कैंप में डॉ. विमल, सबील खान, वंदना शर्मा, कंचन, गुलिस्ता, नेहा श्रीवास्तव आदि चिकित्सकों के दल ने 250 रोगियों की नेत्र, रक्त, बीपी व ईसीजी जांच कर दवाइयां वितरित की तथा 80 को हेल्थ कार्ड दिए। जिससे वे एक साल तक परिवार के चार सदस्यों का एक साल तक इलाज करा सकेंगे। हेल्थ कैंप का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख प्रवीण तोमर ने किया। कैंप में इफ्को के ग्रामीण हेल्थ केयर कार्यक्रम की हेड सोनिया वोहरा, निर्मल हिंडन कार्यक्रम के परियोजना समन्वयक डीवी कपिल, नीर फाउंडेशन के संयोजक रमन त्यागी ने भी ग्रामीणों को जानकारी दी। इसमें ध्रुव सिंह, देवेंद्र प्रधान, धर्मवीर सिंह, राकेश तोमर, भगत सिंह, मास्टर रामश्रोता, ओमपाल, संजू प्रधान, नितिन, संदीप, रवींद्र रंछाड, कृष्णपाल आदि रहे।