बलरामपुर। मिर्गी बीमारी की दवा का अधिक सेवन करने से एक युवक की तबियत अचानक बिगड़ गई। जानकारी होने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस घटना से मृतक के घर मातम छाया हुआ है। अहरौला थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव निवासी बबलू कुमार (25) पुत्र स्व. राजेश कुमार के चचेरा भाई राकेश ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे काम करने के बाद बबलू शराब पीकर घर आया था। उसको मिर्गी का दौरा आता था। जिसकी दवा चल रही थी। एक टेबलेट रोज खानी थी। राकेश ने बताया कि शराब के नशे में होने के कारण बबलू ने दवा का अधिक सेवन कर लिया। घर में दवा का दो रैपर खाली पड़ा था। जिससे आशंका जताई जा रही कि उसने दवा की 20 गोलियां खा ली थी। जिससे हालत बिगड़ गई। घर पर कोई नहीं था। उसकी पत्नी एक बच्चे समेत मायके गई थी। माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतक की बुआ ने दूसरे घर में रह रहे मृतक के चचेरे भाई राकेश को बुलाया। तब लोग बबलू को लेकर फूलपुर के प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां मौत हो गई। मृतक राजगीर का काम करता था।