निजामाबाद थाना क्षेत्र में हुई हत्या के आरोपी पुलिस हिरासत में।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के दत्तात्रेयधाम स्थित तमसा नदी से गोताखोरों ने एक युवक का शव बरामद किया था। युवक की हत्या साथियों ने ही पैसे के लेनदेन मामले में की थी। आरोप लगाते हुए मृतक के भाई ने तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा निजामाबाद थाने में दर्ज कराया था। घटना को एक सप्ताह से अधिक का समय हो जाने के बाद भी पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया था। इस पर सोमवार को परिजन एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाए थे।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के परानपुर गांव निवासी धर्मेंद्र चौहान को एक सप्ताह पूर्व तीन मनबढ़ युवक कपिल कुमार पुत्र लालधारी निवासी मारूफपुर, राजेश यादव पुत्र सुमित यादव व रमेश यादव पुत्र राश्रमय यादव निवासी परानपुर जबरन अपने आटो में बैठा कर ले गए थे। अगले दिन धर्मेंद्र का शव दत्तात्रेयधाम स्थित तमसा नदी से गोताखोरों ने बरामद किया। छोटे भाई हरेंद्र चौहान पुत्र रघुवर ने हत्या का आरोप लगाते हुए तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। एक सप्ताह का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया था। जिस पर परिजनों ने सोमवार को एसपी से मिल कर गुहार लगाई। निजामाबाद पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को रानी की सराय बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त आटो को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बाताया कि मृतक व अभियुक्त अच्छे मित्र थे। अभियुक्तों ने मृतक से एक लाख रुपये लिया था। कोरोना संक्रमण के चलते वे पैसा वापस नहीं कर रहे थे और धर्मेद्र लगातार पैसों के लिए तगादा कर रहा था। पैसा न वापस करना पड़े इसीलिए तीनों ने उसकी हत्या की रणनीति बना ली। तीनों उसे अपने साथ दत्तात्रेय ले गए जहां जमकर शराब पिलाया, इसके बाद तमसा में फेक दिया। इससे डूब कर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।