निजामाबाद थाना क्षेत्र के बघाड़ी पुलिया के पास मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय विनोद बनवासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
फरिहा मेन रोड निवासी विनोद बनवासी (30) अपने साथी सहरिया गांव निवासी सूरज (28) और बृजेश (16), पुत्र चंद्रभान, के साथ बाइक से निजामाबाद से घर लौट रहे थे। बघाड़ी पुलिया के पास सामने से आ रही कार से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज और बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हादसे के समय बाइक सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।