बलरामपुर। जिले में शुक्रवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
आंबेडकर नगर जिले के राजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के रानीमऊ गांव निवासी दिलीप वर्मा (32) पुत्र जियालाल बृहस्पतिवार की रात आठ बजे घर से बाइक से अपनी दुकान शिवपुर महराजगंज जा रहा था। महेशपुर महाराजगंज पहुंचा, तभी सामने से आ रही कार की लाइट से चुंधिया कर पोल से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के तमौली गांव निवासी सुनील कुमार (27) पुत्र मुन्नी लाल शुक्रवार की सुबह 9.30 बजे घर से बाइक लेकर काम पर जा रहे थे। जैसे ही नीबी के पास पहुंचे ही थे तभी अज्ञात वाहन से साइड लग गया। जिससे वह पोल में जा टकराएं और घायल हो गए। वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के समेदा मठिया गांव निवासी इंद्रावती देवी (68) पत्नी स्व. राजधारी बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे आजमगढ़ से दवा लेकर अपने पुत्र राममिलन के साथ बाइक से घर जा रही थी। जैसे ही तिवारीपुर पहुंची ही थी तभी अचानक बाइक से नीचे गिर गई। घायल होने पर परिजन जिला अस्पताल ले आए जहां इलाज चल रहा है।