बलरामपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब सात बजे सड़क हादसे में इंदल यादव (22) की मौत हो गई, जबकि उसके मामा मंटू यादव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चिकिड्रीपुर गांव के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के टंडवा गांव निवासी इंदल यादव (22) और उसके मामा मंटू यादव (30) बाजार दवा लेने गए थे। वह दवा लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चिकिड्रीपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि इंदल को बचाया नहीं जा सका।
वहीं, गंभीर रूप से घायल मंटू को तुरंत सिधारी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक इंदल दो भाइयों में बड़ा था। अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।