जहानागंज। दो अक्तूबर के शराब बंदी होने की वजह से बुधवार की सुबह एक युवक को शराब नहीं मिली। ऐसे में वह बीच सड़क पर भीड़ के समक्ष ही जहर खा लिया। कुछ देर बाद वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची। उसे आनन-फानन में पीएचसी कोल्हूखोर ले गई। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना की क्षेत्र में जोरों की चर्चा है।
मृत युवक छोटू सिंह (23) पुत्र सुरेंद्र सिंह जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुआ गांव का निवासी था। तीन भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का छोटू घर पर ही रहता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। छोटू को शराब पीने की लत थी। दो अक्तूबर को पूरे जिले में शराब की दुकानें बंद थी। ऐसे में बुधवार की सुबह छोटू शराब लेने के लिए जहानागंज बाजार में पहुंचा, लेकिन दुकान न खुलने की वजह से छोटू को कहीं शराब नहीं मिली। ऐसे में वह बीच सड़क पर वह सबके सामने खड़ा होकर बोला कि शराब नहीं मिल रहा इसलिए मैं जहर खा रहा हूं। लोग इसे मजाक समझे, लेकिन कुछ देर बाद वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। बाजार वालों ने डायल 100 की पुलिस और घर वालों को इसकी सूचना दी। पुलिस उसे पीएचसी कोल्हूखोर में भर्ती कराई। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान देर रात को उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।