आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान अक्षत फेंकने पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। हैदराबाद गांव निवासी अंकुर कुमार ने बताया कि वह अपने मौसेरे भाई जयवीर के साथ बरहपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बुलाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में अंकुर घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि हमलावर अंकुर को मृत समझकर भाग गए। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल युवक का पहले प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि जीयनपुर थाना क्षेत्र में आई एक बारात में मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है, जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।