पोखरी में डूबने से युवती की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सरैया स्थित प्रसिद्ध पौहारी बाबा सरोवर में शुक्रवार की सुबह स्नान करते समय कुसुम देवी (20) निवासी अंबेडकरनगर जिले के नीवा गांव की डूबने से मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब दस बजे हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वे परिवार के साथ पौहारी बाबा मंदिर में दर्शन के लिए आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरोवर की सीढ़ियों पर काई जमी थी। इस कारण कुसुम का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।