आजमगढ़। देवगांव कोतवाली पुलिस ने सोमवार को दिन में एक होटल पर दबिश देकर देह व्यापार में संलिप्त पांच युवक और पांच युवतियों को पकड़ा था। सभी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मंगलवार को चालान कर दिया।
देवगांव कोतवाली पुलिस को सोमवार को दिन में मुखबिर से सूचना मिली कि टीकरगाढ़ लालगंज स्थित सदाबहार होटल एंड रेस्टोरेंट में देहव्यापार चल रहा है। सूचना होटल में दबिश देकर पुलिस ने पांच युवक व पांच युवतियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। पुलिस टीम सभी को लेकर देवगांव कोतवाली आ गई। जहां उनसे पूछताछ के बाद देर रात ही दसों युवक व युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नामजद किए गए युवकों में रिषभ तिवारी निवासी लहुवांकला थाना देवगांव, विकास भारती निवासी उदियावां थाना बरदह, किशन यादव निवासी मसीरपुर लालगंज थाना देवगांव, सुनील राजभर निवासी अकोल्ही कोटा थाना देवगांव व सुरेंद्र यादव निवासी नौरंगाबाद थाना निजामाबाद शामिल थे। वहीं युवतियों में एक अमृतपुर थाना बरदह, दूसरी शहर कोतवाली जनपद जौनपुर, तीसरी कस्बा देवगांव, चौथी थाना मेंहनगर व पांचवीं थाना गंभीरपुर की रहने वाली है। मंगलवार को पुलिस ने सभी का अनैतिक देहव्यापार की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया। दो अभियुक्त अभी फरार है जिसमें रघुवीर सिंह निवासी पकड़ी थाना देवगांव व होटल मैनेजर शामिल है। जिनकी तलाश में पुलिस लगी है। एसओ विनय मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए युवक-युवतियों के पास से 11 मोबाइल, 5840 रुपये नकद, पांच पैकेट कंडोम आदि बरामद किए गए हैं।