सिधारी थाना क्षेत्र के एकरामपुर गांव में एक युवक का गला कुछ लोगों ने ब्लेड से काट दिया। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। वह अपने बयान में परिवार के सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।
एकरामपुर गांव निवासी विक्रांत कुमार 37 पुत्र राजेंद्र प्रसाद के गले पर शनिवार की देर शाम साढ़े छह बजे के लगभग कुछ लोगों ने ब्लेड से प्रहार कर दिया। इससे उसका गला कट गया है और वह लहूलुहान हो गया। गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है और अपने बयान में गांव के ही कुछ लोगों पर गला काटने का आरोप लगा रहा है। इसके साथ ही परिवार के सुरक्षा की भी गुहार लगा रहा है। जानकारी होने पर सिधारी थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस के अनुसार अभी घटनाक्रम स्पष्ट नहीं हो सका है। संभावना यह जताई जा रही है कि घायल ने खुद ही अपने गले पर ब्लेड से हमला किया है। वैसे जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट बताया जा सकेगा।