रानी की सराय/सगड़ी। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में अपने स्थान पर दूसरे को परीक्षा के लिए बैठाने वाले युवक ने सोमवार की रात अपने बुआ के घर पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के ढोलीपुर गांव निवासी प्रशांत कुमार 24 पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में उम्मीदवार था। उसका सेंटर रानी की सराय के राजेंद्र स्मारक इंटर कालेज सेठवल पर गया था। बीते शनिवार को शाम की पाली में परीक्षा थी। उसने अपने स्थान पर बिहार प्रांत के मधुबनी जिला के आंध्रामठ थाना अंतर्गत रौआही गांव निवासी राजेश कुमार यादव को परीक्षा देने के लिए बैठाया था। परीक्षा के दौरान मुन्ना भाई राजेश कुमार को केंद्र व्यवस्थापक डॉ अनूप कुमार सिंह ने पकड़ लिया। राजेश को तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया गया तो वहीं प्रशांत की तलाश में पुलिस जुट गई। प्रशांत अपने घर के बजाए सिधारी थाना क्षेत्र के हथिया गांव में अपने बुआ के घर पर रुका हुआ था। बताया जाता है कि सोमवार को पुलिस प्रशांत के ढोलीपुर स्थित घर पर गई थी और उसके बड़े भाई को पूछताछ के लिए ले गई थी। इसके बाद सोमवार की रात प्रशांत ने अपने बुआ के घर पर ही एक टीनशेड के कमरे में चादर के सहारे फांसी लगा लिया। बुआ का लड़का उसे फंदे पर लटका देखा तो शोर मचाया। जिस पर लोग मौके पर जुट गए। जानकारी होने पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाई व तीन बहनों में सबसे छोटा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।