मुबारकपुर कस्बा के इब्राहिमपुर बाजार में खड़ी बाइक पर बैठे-बैठे ही एक युवक की मौत हो गई। काफी देर तक बाइक एक ही हालत में खड़ी व उस पर युवक को पड़ा देख लोग जब मौके पर पहुंचे तो युवक को मृत पाया। तत्काल सूचना पर पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इब्राहिमपुर बाजार में शनिवार को दिन में सड़क किनारे एक बाइक खड़ी थी और उस पर एक युवक औधेमुंह पड़ा था। काफी देर से लोग उसे देख रहे थे। पहले तो लोगों ने सोचा कि वैसे ही युवक बाइक पर सो रहा होगा, लेकिन जब घंटे भर से अधिक का समय बीत गया तो कुछ लोग मौके पर पहुंच कर युवक को उठाने गए तो वह मृत मिला। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची मुबारकपुर पुलिस ने मृतक की जेब में मिले कागजात आदि के आधार पर उसकी पहचान ओझौली गांव निवासी रमेश 40 के रूप में किया। वह बैंड पार्टी में काम करता था। इसके बाद सूचना परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने जरूरी लिखा पढ़ी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवा दिया। मृतक एक पुत्र व एक पुत्री का पिता था।