अमिलो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन सभागार उप्र. सचिवालय लखनऊ से 1100 अन्नपूर्णा भवनों (मॉडल उचित दर दुकानों) का लोकार्पण किया। इन भवनों की खासियत यह होगी कि यहां सीसी कैमरे के साथ ही इंटरनेट व बिजली की भी सुविधा होगी। हर गतिविधि सीसी कैमरे में कैद होगी। कोटे की दुकान निलंबित या निरस्त भले हो जाएगी, लेकिन खाद्यान्न अब वहीं दूसरे कोटेदार को भी बांटना होगा। 79,000 उचित दर दुकानों पर ई-वेइंग स्केल लिंक्ड ई-पॉस मशीनों के माध्यम से खाद्यान्न वितरण का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का प्रसारण विकास खंड सठियांव के ग्राम पंचायत बैठौली में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन (मॉडल उचित दर दुकान) पर किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ ही आलाधिकारी भी शामिल रहे। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने ग्राम पंचायत बैठौली में नवनिर्मित मॉडल उचित दर दुकान (अन्नपूर्णा भवन) का लोकार्पण किया। इसी के साथ ही विधान परिषद सदस्य विक्रांत ‘रीशु’ एवं जिलाधिकारी विशल भारद्वाज, जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा मॉडल उचित दर दुकान (अन्नपूर्णा भवन) के अभिकर्ता अमित यादव को अन्नपूर्णा उचित दर दुकान की चाभी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 25 अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण किया गया है। जिले में कुल 75 अन्नपूर्णा भवन (मॉडल उचित दर दुकान) बनाए जा रहे हैं। उक्त कार्यक्रम में राशन कार्ड धारक भी शामिल रहे। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर ने बताया कि जिले की कोटे की दुकानों को संचालित करने के लिए अन्नपूर्णा भवन बनाया जा रहा है। अब तक 25 भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। बताया कि यह अन्नपूर्णा भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक एवं जन प्रतिनिधिगण व संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
सरायमीर। मिर्जापुर ब्लॉक के बीनापारा गांव में शनिवार को अन्नपूर्णा भवन का उदघाटन ब्लॉक प्रमुख मिर्जापुर प्रतिनिधि बलवंत यादव ने किया। पूर्ति निरीक्षक निजामाबाद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन खुलने से अब ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे हर सुविधा मिल सकेंगी। इस अवसर पर बीडीओ राजन राय, ग्राम प्रधान मोहम्मद असलम खान टाइगर, सचिव विनीत सिंह, उज्जवल यादव व एडीओ पंचायत राममिलन सहित आदि लोग उपस्थित थे।