फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: ससुराल में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Fri, 31 Jul 2026 04:24 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़।

सार

Azamgarh News: ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में शख्स की मौत के बाद परिजनों ने जमीन के रुपये को लेकर हत्या का आरोप लगाया। मृतक के परिजनों ने पत्नी, साले और ससुर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
मृतक की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके ससुराल के एक बंद कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए उसकी पत्नी, साले और ससुर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

विज्ञापन


जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी उपेंद्र पाठक उर्फ बॉबी पाठक बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे अपनी दूसरी पत्नी सुप्रिया पाठक के साथ बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह स्थित अपने ससुराल पहुंचे थे। बताया गया कि वह अपनी बीमार सास का हालचाल जानने के लिए आए थे। देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उपेंद्र का शव बंद कमरे में बेडशीट के सहारे पंखे से लटका हुआ पाया गया।

सूचना मिलते ही बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। शव को देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। घटना स्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच की और घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। टीम ने कमरे की वीडियोग्राफी भी कराई।
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह मृतक के गांव से बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण सहनूडीह पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मृतक की मां राधिका पाठक ने कहा कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस और उनकी बहू ने उन्हें घटना की सूचना नहीं दी और रात में ही शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। उन्हें घटना की जानकारी मृतक के बड़े पुत्र राज पाठक से मिली, जो कहीं बाहर नौकरी करता है।

विज्ञापन

परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उपेंद्र पाठक ने अपनी लगभग 36 लाख रुपये की जमीन बेची थी। पत्नी सुप्रिया के कहने पर यह धनराशि उसके भाई आदर्श पाठक उर्फ शोले के खाते में जमा कराई गई थी। परिजनों का दावा है कि जमीन बिक्री के इसी धनराशि को लेकर हुए विवाद के चलते उपेंद्र की हत्या की गई है। उन्होंने इस मामले में पत्नी सुप्रिया, साले आदर्श उर्फ शोले, ससुर यादवेंद्र मिश्रा और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक उपेंद्र पाठक की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें से एक पुत्री का विवाह हो चुका है। दूसरी पत्नी सुप्रिया से एक पुत्र अंश पाठक है, जो घटना की रात देर से ससुराल पहुंचा था।

बरदह थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि शव बंद कमरे से बरामद हुआ है और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी अपनी जांच पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए पत्नी, साले और ससुर सहित अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जमीन की बिक्री से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें