लालगंज। देवगांव कोतवाली के चौकी गांव में नशे में धुत एक पिता ने अपने पुत्र पर ही गर्म दाल फेंक दिया। जिससे पुत्र गंभीर रूप से झुलस गया है। युवक को इलाज के लिए सीएचसी लालगंज पर भर्ती कराया गया है। पीड़ित पुत्र ने घटना के बाबत पिता के खिलाफ थाने पर तहरीर दे दिया है।
चौकी गांव निवासी राजनाथ सोमवार की रात 11 बजे नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर पर उसका पुत्र रवि से जमीन बेचने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद पिता राजनाथ ने गर्म दाल अपने पुत्र रवि पर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पुत्र ने तत्काल सूचना डायल 112 पर दिया, जिस पुलिस मौके पर पहुंची और झुलसे युवक को इलाज के लिए सीएचसी लालगंज भेजा। पीड़ित युवक ने बताया कि वह तीन भाई व दो बहन है। सभी की शादी हो चुकी है। पिता परिवार की कीमती जमीन बेचने के चक्कर में पड़े है, जिसे लेकर कई बार उन्हें हम सभी ने मना किया। इसी जमीन बेचने की बात को लेकर पिता से कहासुनी हुई और फिर उन्होंने गर्म दाल उस पर फेंक दिया। पीड़ित ने पिता के खिलाफ थाने पर तहरीर भी दे दी है। पुलिस प्रकरण की जांच पड़ताल में जुटी है।