आजमगढ़। इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा जिन परीक्षार्थियों की छूट गई है, उन्हें यूपी बोर्ड ने एक और मौका प्रदान किया है। इसके लिए सात व आठ अप्रैल को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएगी।
इसके लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से वर्ष 2025 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं के छूटे एवं किसी कारणवश इससे वंचित रहे गए छात्र-छात्राओं को अंतिम अवसर दिया गया है।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिब्ली नेशनल इंटर कालेज, श्री अग्रसेन कन्या इंटर कालेज और इंटरमीडिएट कालेज कप्तानगंज को केंद्र बनाया गया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में खाद्य संरक्षण, शिब्ली नेशनल इंटर कालेज में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवन विज्ञान व भूगोल की परीक्षा होगी। श्री अग्रसेन कन्या इंटर कालेज में गृहविज्ञान व इंटरमीडिएट कालेज कप्तानगंज में बुनाई तकनीक की प्रयोगात्मक परीक्षा कराई जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए निर्धारित किए गए केंद्र व विद्यालय पर निर्धारित तिथि को परीक्षा में शामिल हो। ध्यान दे कि इसके पश्चात प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए कोई अवसर पर प्रदान नहीं किया जाएगा। संवाद