बाजार से घर लौट रही महिला को गुरुवार की दोपहर तमंचा सटाकर बाइक सवार बदमाश आभूषण लूट ले गए। पुलिस चौकी के पास हुई घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई। लेकिन बदमाश उसके हाथ नहीं लग सके।
बरदह थाने के बिजौली गांव निवासी शकुंतला देवी के पति चेतनरायण पांडेय घर के पास किराने की दुकान किए हैं। चेतनरायण की तबियत कुछ दिनों से खराब रहने की वजह से दुकान का सामान उसकी पत्नी शकुंतला ही बाजार से खरीदकर लाती है। गुरुवार की दोपहर शकुंतला ठेकमा बाजार से खरीददारी करके दोनों हाथों में सामान लेकर पैदल ही घर जा रही थी।
अभ्ाी वह आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित ठेकमा पुलिस चौकी से महज पचास मीटर आगे की तरफ बढ़ी थी कि तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और शकुंतला को रोककर तमंचा सटा दिया। अभी वह कुछ समझ पाती कि बदमाशों ने उसके गले से चेन और कर्णफूल नोंचे और मुहम्मदपुर बाजार की तरफ भाग निकले।
घटना से हतप्रभ शकुंतला आभूषण लुट जाने से बिलख पड़ी। सरेराह महिला से लूट हो जाने की खबर से वहां लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी आैर बदमाशों के फरार होने के रास्तों की ओर दौड़ पड़े। उधर, जानकारी होने पर चौकी से पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के जवानों ने बदमाशों को पकडने के लिए घेराबंदी की। लेकिन बदमाश उसके हाथ नहीं लगे। एसओ बरदह जगदीश उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस बदमाशो को पकडने के प्रयास में जुटी है। कहा कि मामला ठगी का है। रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
वहीं क्षेत्र में लूट की इस घटना से चर्चाओं का बाजार गर्म रहा कि पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी होने के बाद भी हौसला बुलंद बदमाश पुलिस को चुनौती दे गए।