गंभीरपुर थाना के सिंघडा में चोरी के बाद सीवान में फेंके सामान को देखते ग्रामीण। संवाद
बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थानाक्षेत्र के सिंघडा गांव में शुक्रवार की रात रमेश यादव के घर के चैनल का ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने एक कमरे में सो रहे बच्चों का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। आहट सुनकर घर की मुखिया रीना जाग गईं और विरोध किया तो चोरों ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। बेहोशी की हालत में महिला को छोड़कर चोरों ने इत्मीनान से घर में लूटपाट की। शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सिंघड़ा गांव निवासी रमेश यादव रोजी-रोटी के लिए विदेश में रहते हैं। शुक्रवार की रात उनकी पत्नी रीना ने बच्चों को खाना खिलाकर एक कमरे में सुला दिया और खुद दूसरे कमरे में सो गई। मध्य रात्रि चोर उनके घर के चैनल का ताला तोड़कर घुस गए और जिस कमरे में बच्चे सो रहे थे, उसको बाहर से बंद कर दिया। चोर दूसरे कमरे में घुसकर टांड़ (पटनी) पर रखा बक्सा और अटैची उतारने लगे। उसी कमरे में बेड पर सो रही रीना की नींद खुल गई और उसने जैसे ही शोर मचाने की कोशिश की कि चोरों ने घर में ही रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। इसके बाद चोर घर में रखी अटैची और बक्सा लेकर भाग गए। घायल महिला के होश में आने पर उसने अपने पड़ोसियों को आपबीती बताई। पड़ोसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। शनिवार की सुबह घर से लगभग 200 मीटर दूरी पर एक खेत में कुल्हाड़ी और लगभग 500 मीटर दूर सिवान में बक्सा और अटैची बरामद हुई। वहीं, घायल महिला रीना यादव का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस कुल्हाड़ी व बक्सा लेकर थाने पर चली गई। गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने बताया कि रात की घटना है। मामले की पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।