अंबारी/बरदह। दीदारगंज थाना क्षेत्र के आमगांव चौक के पास बुधवार की शाम बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई तो वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया है। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के गदाईपुर गांव निवासिनी अखतरून्निशा (68) बुधवार को तालिब (20) के साथ दवा लेने गई थी। दवा लेकर वापस लौटते समय आमगांव चौक के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में अखतरून्निशा के साथ ही तालिब व दूसरी बाइक सवार शशांक मिश्रा (20) घायल हो गए। सभी को तत्काल फुलेश स्थित प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जौनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही अखतरून्निशा की मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों घायलों का जौनपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।