बूढ़नपुर। ग्राम विकास व ग्राम पंचायत अधिकारियों ने बुधवार को कोयलसा ब्लाॅक पर पहुंचकर बीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। सचिवों ने चेतावनी दी कि जब तक बीडीओ का स्थानांतरण नहीं होगा हम सभी लोग कार्य का बहिष्कार करेंगे।
चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में बीते मंगलवार को मतदान केंद्रों पर व्यवस्था की जानकारी लेने के लिए कोयलसा ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी क्षेत्र के कौड़िया और मुखालिसपुर गांव पहुंचे थे। मतदान केंद्र के निरीक्षण के दौरान रैंप आदि व्यवस्था अधूरी पाई गई। इस पर बीडीओ ने गांव के सचिव को फटकार लगाया था।
बुधवार को ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राय व ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह की अध्यक्षता में ब्लाॅक परिसर में बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। कहा कि जब तक बीडीओ का स्थानांतरण या निलंबन नहीं होता तब तक हम कार्यों का बहिष्कार करेंगे। इस संबंध में सीडीओ को भी पत्र भेज दिया गया है।
चुनाव आयोग का सख्त निर्देश है कि मतदान केंद्रों पर रैंप, पानी, शौचालय, बिजली आदि व्यवस्था पूरी हो। बैठक में सचिव ने सभी व्यवस्था पूरा होने की बात कही थी लेकिन जब मौके पर गया तो रैंप आदि कार्य नहीं हुए थे। कमियों को दूर करने का निर्देश दिया था। कर्मचारियों द्वारा जो आरोप लगाया जा रहा वह बेबुनियाद और निराधार है। - पवन कुमार सिंह, बीडीओ कोयलसा।