बलरामपुर/मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के उदयपुर गांव में रविवार की रात एक विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में विवाहिता के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। विवाहिता के हाथ पर पेन से कुछ लोगों के नाम लिखे थे।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी सुक्खू विश्वकर्मा की पुत्री कंचन विश्वकर्मा (23) की शादी 10 मई 2023 को फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के उदपुर गांव निवासी राहुल विश्वकर्मा से हुई थी। कंचन का पति मुंबई में रहकर फर्नीचर का कार्य करता है। उसकी कोई संतान नहीं है। रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में कंचन की मौत हो गई। इसकी जानकारी रात में ही पुलिस को दी गई। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना कंचन के पिता को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शशिचंद चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण का पता चलेगा। मायके वालों की तरफ तहरीर मिली है। जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।