लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के पूरा बाल नारायण गांव में करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। परिजनों ने जल निगम के ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। आरोप था कि ठेकेदार नंगा तार बिछाया था उसकी लापरवाही से महिला की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उक्त मामले में पीड़ित पक्ष ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
रौनापार थाना क्षेत्र के पूरा बाल नारायण गांव निवासी शीला देवी (40) पत्नी विजय यादव अपने पिता रामजीत यादव के घर दयालगंज सिवान में नेवासा पर रहती थीं। वह काफी समय से मायके में ही रहती थीं। शुक्रवार रात आठ बजे धान के खेत में चर रहे छुट्टा पशुओं को हांकने गई थीं। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान हो गए। परिजन काफी छानबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। शीला के बेटे हिमांशु यादव ने पुलिस के डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे थाने पर आने के लिए बोला। करीब एक घंटे बाद शनिवार की रात सूचना मिली कि शीला देवी का शव गांव से 500 मीटर दूरी पर स्थित निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास मिला। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा की शीला देवी के हाथ में बिजली का तार लपेटा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि पानी की टंकी बनाई जा रही है। उसी कार्य में बिजली कनेक्शन के लिए तार लगाया गया था। इसकी चपेट में आने से शीला की मौत हुई है। थानाध्यक्ष रौनापार अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।