फरिहा। रानी की सराय ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरिहा में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के दिन भी डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण लोगों को इलाज में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य मेले में केवल फार्मासिस्ट के भरोसे मरीजों की जांच के बाद उपचार किया गया। ग्राम निवासी पीस पार्टी के प्रदेश महासचिव शाह आलम ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में गला घोंटू रोग के कारण गांव में दो बच्चों की मौत हो चुकी है और कई अन्य बच्चों का इलाज उच्च केंद्रों पर चल रहा है। जन आरोग्य मेले के कारण आज कई लोग इलाज कराने आए थे, लेकिन डॉक्टर के न होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। बारिश के मौसम में गांव में जलजमाव के कारण बड़ी संख्या में लोग खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। फार्मासिस्ट डीएस रावत ने बताया कि मरीजों की संख्या को देखते हुए उन्होंने अपनी समझ के आधार पर 17 लोगों को दवा दी है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अशोक कुमार ने कहा कि पीएचसी पर तैनात डॉ. बेलाल ने छुट्टी ली है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नया डॉक्टर भेजने की प्रक्रिया चल रही है।