यूपी के आजमगढ़ में मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुलउर गांव में शनिवार को आयोजित मेला में अनियंत्रित ट्रक घुस गया। इस दौरान ट्रक से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
मृत महिला मीता गोंड़ (45) पुत्र रामधनी मुबारकपुर थाने के गुलउर गांव की रहने वाली थी। गुलउर गांव में शनिवार को दीपावली से ठीक एक दिन पहले मेला लगा था। गांव के लोग मेला देखने के लिए उमड़े हुए थे। इस दौरान अनियंत्रित ट्रक मेला की भीड़ में घुस गया जिसकी चपेट में आने से मीता सहित अन्य पांच लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिसको जिधर जगह मिली वहीं भागकर अपनी जान बचाई। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन्हीं में से एक जिला अस्पताल में भर्ती मीता गोंड़ की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायलों के नाम और पते की जानकारी नहीं हो सकी है।