तरवां थाना क्षेत्र के सरायत्रिलोचन गांव के पास रविवार की सुबह नौ बजे अनियंत्रित मैजिक की टक्कर से सड़क पर गिरी महिला को पीछे से आ रहा ट्रक कुचल दिया। महिला की मौत हो गई जबकि उसका बेटा बाल-बाल बच गया। मां-बेटे दवा लेने जा रहे थे। घटना से आक्रोशित बोंगरिया बाजार के लोगों ने मौके पर लाश रखकर तरवां-चिरैयाकोट मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
लोग आरोपी मैजिक और ट्रक चालक की गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम मेंहनगर के आश्वासन पर सुबह नौ बजे से लगा जाम करीब ढाई घंटे बाद समाप्त हुआ। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी।
तरवां थाना क्षेत्र के टंडवा खास गांव निवासी चंद्रावती देवी (47) पत्नी दयाशंकर मौर्य रविवार की सुबह आंगन में फिसलकर गिर गई और उसके दाहिने हाथ में चोट आ गई थी। वह अपने बड़े बेटे प्रद्युम्न के साथ बाइक से दवा लेने के लिए चिरैयाकोट बाजार जा रही थी। सुबह नौ बजे मां-बेटे सरायत्रिलोचन गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें चंद्रावती सड़क पर गिर गई बेटा पटरी की तरफ गिरा। उसी समय ट्रक महिला को कुचल दिया।
घटना के बाद दोनों वाहनों को लेकर चालक फरार हो गए। एसडीएम मेंहनगर भारी भरकम फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और आश्वासन देकर सुबह नौ बजे से लगा जाम करीब ढाई घंटे बाद 11.30 बजे समाप्त कराया। चंद्रावती दो बेटा और दो बेटियों की मां थी। एसडीएम मेंहनगर कपिलदेव यादव ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए एसओ तरवां को निर्देश दिया गया है। जो हो सकेगा, सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलवाया जाएगा।
मुबारकपुर और अतरौलिया थाना क्षेत्र में रविवार को हुए दो सड़क हादसों में दंपती सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रानी की सराय थाना क्षेत्र के तमौली गांव निवासी हरिनाश (45) अपनी पत्नी मिंता देवी (40) को बाइक पर बैठाकर कहीं जा रहा था। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुझिया गांव के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से यह दोनों घायल हो गए। अतरौलिया थाना क्षेत्र मोहम्मदपुर गांव निवासी राकेश (43) और राजू (40) एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गेरुआबाबा स्थान के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से दोनों घायल हो गए।