पवई/बलरामपुर। पवई थाने के फत्तनपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह अनियंत्रित बाइक की टक्कर से चूरा कुटाने जा रही महिला की मौत हो गई। जबकि मुबारकपुर थाने के सठियांव रेलवे क्रासिंग के पास धान काटने वाले ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा। हालत गंभीर बनी हुई है। अलग-अलग हुए तीन अन्य हादसों में महिला सहित तीन घायल हो गए।
शकुंतला देवी (48) पत्नी मूरत पवई थाने के इमली महुआ गांव की थी। वह शुक्रवार की सुबह धान का चूड़ा कुटाने के लिए पैदल बाजार जा रही थी। फत्तनपुर गांव के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हो गई। घटना के बाद बाइक छोड़कर चालक फरार हो गया। बाइक पर नंबर आदि नहीं लगा हुआ है। उधर लोगों ने शकुंतला को पीएसची पवई में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसी क्रम में मऊ के मोहम्मदाबाद थाने के कुशवां गांव निवासी सोनू उर्फ जोगेंद्र (20) बृहस्पतिवार को गांव के अमरजीत (18) के साथ मुबारकपुर स्थित रिश्तेदार के घर गया था। वहां से लौटते समय रात करीब आठ बजे सठियांव रेलवे क्रासिंग पर धान काटने वाले ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गया जिसमें सोनू की मौत हो गई। अमरजीत का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोनू मुंबई में रहकर नौकरी करता था।
वहीं जीयनपुर कोतवाली के इसरहां गांव निवासी धीरज (45) पुत्र डब्बू बृहस्पतिवार की शाम गुजरपार पुल के पास कुत्ता बचाने में बाइक से गिरकर घायल हो गया। वहीं पवई थाने के सोम्हाडीह गांव निवासी पीआरडी का जवान रामचंदर (37) पुत्र दुर्गा प्रसाद ड्यूटी जाते समय गांव के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गया। बिलरियागंज थाने के मुइयापार गांव निवासी लालमती (36) पत्नी रविंद्र बाइक पर बैठकर कहीं जा रही थी। जीयनपुर कोतवाली के अजमतगढ़ बाजार के पास अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से घायल हो गई।