बारिश और तेज हवा के चलते नगर के सिधारी स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र का तार सोमवार की शाम को अचानक टूट गया। जिसके इससे जुड़े पूरे सिधारी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप रही। गर्मी के मौसम में बिजली न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिधारी स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से नगर के सिधारी, नरौली, सिविल लाइन, रैदोपुर, रोडवेज, सर्फुद्दीनपुर, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर विद्युत आपूर्ति होती है। सोमवार की शाम लगभग साढ़े तीन बजे बिजली की सप्लाई करने वाला तार अचानक टूटकर गिर गया। तार टूटने से नगर के लगभग एक दर्जन मुहल्लों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी में विद्युत आपूर्ति ठप से लोगों का बुरा हाल हो गया। जब यह जानकारी सपा नेता एसके सत्येन को हुई तो उन्होंने एसडीओ टाउन को फोन किया। फिर क्या था आनन-फानन में लालगंज फीडर से जोड़कर विद्युत आपूर्ति को बहाल किया गया।
अधिशासी अभियंता धीरज सिन्हा ने बताया कि टूटे तार को जोड़ने का प्रयास किया गया लेकिन यह जोड़ा नहीं जा सका। फिलहाल लालगंज फीटर से जोड़कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। अब मंगलवार को टूटे तार को जोड़ा जाएगा।