हल्की सी हवा तथा बारिश के कारण बूढ़नपुर-अंबारी रोड पर इलाहाबाद बैंक के सामने लगा हाईटेंशन तार का खंभा बुधवार को गिर गया। संयोग ही था कि उस वक्त आपूर्ति ठप थी।
बताते चलें कि बूढ़नपुर-अंबारी रोड पर इलाहाबाद बैंक के सामने खंभा लगाकर हाईटेंशन तार खींचा गया है। पोल काफी जर्जर हो गया था।
इस संबंध में क्षेत्र के लोगों ने कई बार विभाग से शिकायत कर खंभा बदलने की शिकायत की थी। लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बुधवार को हुई बारिश और हवा के चलते पोल अचानक एक चाय की दुकान पर गिर गया।
संयोग ही रहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन बूढ़नपुर चौक पर जाम लग गया। पोल के गिरने से घंटों यातायात बाधित रहा। लोगों ने विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए जर्जर तार और पोल बदलवाने की मांग की है। इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि विद्युत पोल गिरने की सूचना मिली है, जल्द ही इसको बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।