आजमगढ़। देश के हित के लिए जो भी होगा हमारी सरकार उस पर आसानी से कदम उठाएगी। रही बात विपक्ष की तो वह इसीलिए विपक्ष में हैं और हमेशा रहेगा, क्योंकि उसे सत्ता में आने का मौका नहीं मिलेगा। उक्त बातें भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने बुधवार को करतालपुर स्थित फिनेस्टा के शोरूम में मीडिया कर्मियों से वार्ता के दौरान कही।
पीएफआई पर पांच साल के लिए लगे प्रतिबंध के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार देश हित में कोई भी फैसला आसानी से लेती है। विपक्ष द्वारा इसके विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम है सरकार का विरोध करना। वह तो विरोध करेंगे ही। ऐसा करके वह सत्ता में नहीं आने वाले, वह हमेशा विपक्ष में ही रहेंगे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान कि सपा ही भाजपा से लड़ सकती है। इस पर चुटकी लेते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि वह घर में पहले लड़ लें फिर हमसे लड़ लेंगे। मुझे लगता है कि उनके घर की ही लड़ाई खत्म नहीं होगी तो वह हमसे क्या लड़ेंगे। एयरपोर्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है। जब भी महाराज जी जनपद आएंगे इसका लोकार्पण हो जाएगा। इस मौके पर भोजपुरी सिने अभिनेत्री आम्रपाली दुबे, प्रत्यूष डालमियां, संजय डालमियां, सौरभ डालमियां आदि उपस्थित थे।