मुबारकपुर नगर के मोहल्ला पुरानी बस्ती (बखरी) में रविवार की रात बुनकर मजदूर यूनियन की बैठक में प्रति हार्स पावर 400 रुपये फ्लेट रेट पर बिजली देने की मांग उठाई गई। नगर सहित मोहम्मदाबाद गोहना, खैराबाद और वलीदपुर के बुनकरों ने बैठक में शामिल होकर अपनी आवाज उठाई। कहा कि फ्लैट रेट बिजली 72 रुपये प्रति लूम से बढ़ाकर प्रति लूम 400 रुपये और प्रति हार्स पावर 800 रुपये करने का विरोध कर इसे घटा कर प्रति लूम के बजाय प्रति हार्स पावर किए जाने की मांग सरकार से की गई। कहा गया कि मुबारकपुर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बुनकर मजदूर पावरलूम के सहारे अपना जीवनयापन कर रहे हैं। कहा कि पावरलूम का फ्लैट रेट बिजली का बिल प्रति लूम 72 रुपए था। प्रदेश सरकार ने बिल में संशोधन कर इसे बढ़ाकर प्रति लूम 400 रुपए और प्रति हार्स पावर 800 रुपए कर दिया है। बिजली बिल बढ़ाने से बुनकर पावर लूम बन्द कर सड़क पर उतरने को लाचार हैं। मोहम्मदाबाद गोहना से आए जावेद भारती ने कहा कि प्रदेश सरकार से मांग है कि जो प्रति किलो वाट 800 और प्रति लूम 400 रुपए फ्लैट रेट निर्धारण किया है। इसका निर्धारण प्रति किलो वाट हार्स पावर पर चार सौ रुपए कर दे तो बुनकर सरकार का आभारी रहेगा। मुबारकपुर के बुनकर नेता निहाल हाशिम ने कहा कि नई दर पर बुनकर न ही बिल जमा कर पाएंगे और न ही यह उद्योग बचा सकेंगे। इस दौरान चेतावनी दी गई कि सरकार ने उनकी नहीं सुनी तो बुनकर बिजली का कनेक्शन कटवाकर विरोध करेंगें। बुनकर नेता ऐनुल मोजफ्फर ने कहा कि सरकार ने 56 इंच से कम अर्थात आधा हार्स पावर पर 400 रुपए और साठ इंच से अधिक को एक हार्स पावर मानते हुए 800 रुपए का निर्धारण कर रखा है। शासनदेश के बाद यह अप्रैल माह से लागू है। यह दर फिक्स होने के बाद से बुनकरों को परेशान किया जा रहा है। बैठक में हाजी नेसार अंसारी, शफीक अहमद, गुफरान अहमद ने भी विचार रखे। अध्यक्षता नेहाल हाशिम व संचालन शुजाअत हुसैन ने किया। इस दौरान बेलाल हाशिम, मुख्तार अहमद जे, मकबूल अहमद आदि शामिल थे।