बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के गड़ेरूआ गांव निवासी एक युवक ने शुक्रवार की देर शाम घर के पास स्थित पेड़ से साड़ी के सहारे फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गड़ेरूआ गांव निवासी राजू शुक्रवार की शाम शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर पर वह पत्नी से और शराब पीने के लिए पैसा मांगने लगा। पत्नी ने जब पैसा नहीं दिया तो वह उसे मारने के लिए दौड़ा लिया। जिस पर पत्नी भाग कर पड़ोसी के घर जा कर छुप गई। देर शाम सात बजे के लगभग जब वह पड़ोसी के घर से अपने घर पर पहुंची तो घर के पास स्थित पेड़ पर राजू का शव साड़ी के सहारे लटकता मिला। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। किसी ने घटना की सूचना जीयनपुर कोतवाली पर दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन पुत्र व एक पुत्री का पिता था और प्राथमिक विद्यालय में बतौर रसोइयां काम करता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।