आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव से पत्नी और साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर जबरन पत्नी और बेटे को अगवा करने के साथ ही लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूट ले जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित जाकिर हुसैन ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में सबा बानो निवासी फूलपुर कोतवाली क्षेत्र से हुई थी। 6 अप्रैल की रात करीब 12.30 बजे बोलेरो सवार दो लोग उसके घर पहुंचे और जबरन गेट खुलवाकर अंदर घुस गए। आरोप है कि उन्होंने अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर और 30 हजार रुपये नकद लूट लिए और उसकी पत्नी व साढ़े तीन साल के बेटे को जबरन अपने साथ उठा ले गए। घटना की जानकारी उसकी मां ने दी, उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था। जाकिर हुसैन ने मेंहनगर के एक युवक पर अपहरण करने की आशंका जताई है। पीड़ित ने पत्नी और बच्चे की हत्या की भी आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अहरौला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम जल्द ही महिला व बच्चे की बरामदगी के साथ आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।