ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए जिले के 18 ब्लॉकों पर रविवार यानी आज मतदान होगा। शनिवार को पर्चा वापसी के बाद 18 ब्लॉकों 41 उम्मीदवारों का फैसला होगा। इनमें से 14 विकास खंडों में सीधी टक्कर होगी। मेंहनगर में पत्नी के नामांकन वापस लेने के बाद डा. कैलाश का निर्विरोध निर्वाचन तय है।
तीन ब्लॉकों में पहले दिन ही केवल एक पर्चा दाखिला से फैसला हो चुका है। उधर शनिवार की रात चुनाव वाले ब्लॉकों में प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाता सदस्यों को साधते रहे। अंत तक खींचतान चलती रही। प्रशासनिक अमला चुनाव को सकुशल कराने के िलए भागमभाग करता रहा। गत कई दिनों से कई घटनाओं को देखते हुए आज मतदान शांतिपूर्वक बीत जाए, प्रशासन के लिए चुनौती रहेगी।
18 ब्लॉकों पर 1855 बीडीसी सदस्य चुनाव के लिए मताधिकार करेंगे। प्रमुख पद की दावेदारी के लिए जिले के 22 ब्लाकों में 53 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। तीन ब्लॉकों, अतरौलिया, बिलरियागंज और पल्हनी में सिर्फ एक-एक प्रत्याशी होने के चलते यहां नामांकन के दिन ही निर्विरोध तय हो गया था।
वहीं मेंहनगर ब्लाक प्रमुख पद पर डा. कैलाश और उनकी पत्नी कुमकुम यादव ने नामांकन किया था। शनिवार को नाम वापसी प्रक्रिया के दौरान कुमकुम ने पर्चा वापस ले लिया। इस प्रकार कैलाश का भी निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। रविवार को 18 ब्लॉकों में वोट पड़ेगा।
प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1855 बीडीसी सदस्य करेंगे। इसमें रानी की सराय ब्लॉक के 91, तहबरपुर के 88, मिर्जापुर के 108, लालगंज के 101, ठेकमा के 100, तरवां, जहानांगज 93, सठियांव में 129, अजमतगढ़ में 108, महराजगंज में 94, हरैया में 100, फूलपुर में 103, पवई में 106, मार्टीनगंज में 97, कोयलसा में 91, अहरौला में 101, पल्हना में 56 बीडीसी सदस्य मताधिकार करेंगे।