आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व तथा विद्युत वितरण खंडों के राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों की राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम है, वे योजना बनाकर वसूली करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि नये व्यापारियों एवं नये होटलों का पंजीकरण कर जीएसटी वसूली में वृद्धि करें। परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की समीक्षा की। निर्देश दिया कि नये वाहनों के पंजीकरण में वृद्धि करें, ताकि राजस्व में वृद्धि की जा सके। ओवर लोडिंग पर वाहनों का चालान करने के लिए कहा। बिना पंजीकरण वाले वाहनों वाहनों को उठवाया जाए एवं राजस्व की वसूली की जाए।
विद्युत विभाग के विद्युत वितरण खंडों की राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जेई, एई एवं एसडीओ की सहायता से अभियान चलाकर बकाया विद्युत बिलों की वसूली कर राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
बकाया विद्युत बिलों की वसूली के लिए बकायेदारों की विद्युत कटौती भी की जाये। बिना किसी के प्रभाव में आये बड़े बकायेदारों की विद्युत आपूर्ति को काट दी जाये। जिलाधिकारी ने इसी के साथ ही आबकारी विभाग, मंडी तथा भू-तत्व एवं खनिज कर्म आदि विभागों की भी समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह तथा अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।