उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
चक्रपानपुर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा जिले में दूसरे दिन रविवार को भी 13 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा में सामान्य ज्ञान और समसामयिकी से जुड़े कई सवाल पूछे गए, जिनमें कुछ आसान तो कुछ कठिन रहे। इस बार प्रश्नपत्र में भारत में सोशल मीडिया एप टिकटॉक पर प्रतिबंध कब लगाया गया, विद्युत टेलीग्राफ के आविष्कारक से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए।
एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि शनिवार को पहले दिन की परीक्षा सकुशल संपन्न होने के बाद दूसरे दिन रविवार को भी जिले के 13 केंद्रों पर दो पाली में परीक्षा कराई गई। पहली पाली में 5808 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें 4500 अभ्यर्थी शामिल हुए। जबकि 1308 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में भी 5808 अभ्यर्थियों में से 4610 ने परीक्षा दी और 1198 ने परीक्षा से दूरी बनाई। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मिला-जुला रहा और कई प्रश्नों ने उन्हें उलझन में डाला। अभ्यर्थियों का कहना था कि ऐसे सवालों ने उनकी तैयारी की गहराई को परखा। प्रश्नपत्र मुख्य रूप से सरकारी योजनाओं, आधुनिक इतिहास और सामान्य विज्ञान पर केंद्रित रहा। पिछले एक वर्ष के करेंट अफेयर्स और बेसिक भूगोल व इतिहास का अध्ययन काफी सहायक साबित हुआ।
इस बार पेपर थोड़ा ज्यादा कठिन था। सामान्य ज्ञान और समसामयिकी के कई सवालों ने उन्हें उलझन में डाला, वहीं वर्ड अफेयर से जुड़े प्रश्नों ने भी दिमाग पर जोर डालने को मजबूर कर दिया। - प्रिंस यादव, अभ्यर्थी।
पेपर सरकारी योजनाओं, आधुनिक इतिहास, और सामान्य विज्ञान पर केंद्रित था। सामान्य ज्ञान और समसामयिकी के कुछ सवालों ने थोड़ा उलझाया। वहीं, वर्ड अफेयर ने दिमाग हैंग कर दिया।- अंतिमा कुमारी, अभ्यर्थी।