मऊ-आजमगढ़-शाहगंज के रास्ते मुंबई के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन शनिवार को पहले दिन फुल होकर गई। शनिवार की रात इस ट्रेन की प्रतीक्षा में आजमगढ़, खुरासन रोड और शाहगंज स्टेशनों पर यात्रियों की काफी उत्सुकता देखी गई।
इस ट्रेन का 22 नवंबर को वर्चुअल उद्घाटन मऊ में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने किया था। यह ट्रेन नियमित रूप से प्रत्येक शनिवार को मऊ से और प्रत्येक सोमवार को मुंबई से चलेगी। अगले चार शनिवार तक मुंबई जाने के लिए फुल हो गई है। यही हाल उधर से वापसी ट्रेन की स्थिति है। पूर्व रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य शाह आलम कुरैशी ने बताया कि आजमगढ़ के रास्ते मुंबई के लिए जाने वाली इस ट्रेन से लोगो को काफी सहूलियतें मिल रही हैं। इसका संचालन मऊ से प्रत्येक शनिवार को रात में सवा 10 बजे किया गया, जो मुंबई सोमवार को भोर में पौने चार बजे पहुंचेगी। उसी दिन यह ट्रेन मुंबई से दिन में सवा 11 बजे से मऊ के लिए रवाना होगी, जो मंगलवार को मऊ शाम साढ़े छह बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव मोहम्मदाबाद, आजमगढ़, खुरासन रोड, शाहगंज, जौनपुर, जंघई, इलाहाबाद, कटनी, जबलपुर, इटारसी, हरदा, भुसावल, जलगांव, कल्याण आदि स्टेशनों पर किया गया है।