मेजवां। फूलपुर कस्बा में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर पानी के लिए लाखों रुपये की लागत से वाटर बूथ बनाए गए लेकिन वह काफी दिनों से खराब पड़े हैं। इसके चलते इस भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत नगर पंचायत अध्यक्ष से की लेकिन इसे ठीक नहीं कराया गया। फूलपुर कस्बा में सार्वजनिक स्थान, स्कूल, चौक और मुख्य मार्ग पर लाखों रुपये की लागत से आम जनता को पानी पीने के लिए आधा दर्जन से अधिक वाटर बूथ स्थापित किए गए थे। इसकी स्थापना इसलिए की गई थी कि यह नगर के साथ ही बाहर से आने वाले यात्रियों की प्यास बुझा सके। लेकिन नगर पंचायत ने इसका ढंग से रख रखाव नहीं किया। इस वजह से एक के बाद एक वाटर बूथ काम करना बंद कर चुके हैं। किसी वाटर बूथ में मोटर जल गया है तो किसी की टोटी गायब है तो कहीं बिजली सप्लाई नहीं आ रही है। इस तरह के छोटे बड़े फाल्ट के चलते ज्यादातर बूथों पर पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। मरम्मत के अभाव में इसका खमियाजा नगर वासियों और नगर में आने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। इसे लेकर नगर के लोगों में भी रोष व्याप्त है।