त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर आजमगढ़ जिले में सोमवार की सुबह सात बजे से सभी बूथों पर मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होते ही बूथों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव की सरकार को चुनने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जनपद में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान का कार्य सुबह सात बजे शुरू हो गया। मतदान शुरू होने से पहले ही कई लोग मतदान करने के लिए बूथों पर लाइनों में लग चुके थे। जैसे ही मतदान शुरू हुआ मतदान किया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा बिना मास्क के आने वाले मतदाताओं को वापस किया जा रहा था।
वहीं जो लोग मास्क लगाकर मतदान के लिए पहुंच रहे थे उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद उनके हाथों को सैनिटाइज कराने के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा था। मतदान कर्मी भी मास्क लगाकर अपने कार्यों को कर रहे थे। कुछ समय बाद उनके द्वारा अपने हाथों को सैनिटाइज किया जा रहा था। बूथों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध नजर आए।
सुरक्षा कर्मियों द्वारा किसी भी बूथ के समीप भीड़ को इकठ्ठा नहीं होने दिया जा रहा था। वहीं प्रत्याशी समर्थक गांवों में घूम-घूमकर लोगों से मतदान करने की अपील कर रहे थे। जबकि बूथों से काफी दूर गांव से आने वाले मार्ग पर खड़े प्रत्याशी लोगों के पैर छूकर लोगों से जीत का आशीर्वाद मांग रहे थे।