जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़। संवाद
आजमगढ़। पिछले करीब दस दिनों से मौसम में आए अचानक बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। अधिकतम तापमान में गिरावट के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है।
जिला अस्पताल के तीनों फिजीशियन की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 340 से 350 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें से करीब 80 मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मिल रहे हैं। वहीं, बाल रोग विभाग की ओपीडी में भी ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गई है। यहां रोजाना 50 से 60 बच्चों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें से 25 से 30 बच्चे मौसमी बीमारियों की चपेट में हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि सुबह-शाम के समय ठंड से बचाव करें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।